कुख्यात सीरियल किलर मोहन सायनाइड को महिलाओं की हत्याओं के 19वें मामले में हुई उम्रकैद की सजा
मेंगलुरु। कुख्यात सीरियल किलर 'सायनाइड मोहन' के वारदात करने के तरीके को सुनकर आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे। वह महिलाओं को अपना शिकार बनाता था। पहले प्यार के जाल में फंसाकर दुष्कर्म करता और फिर सायनाइड जहर देकर उनकी हत्या कर देता था। मोहन पर हत्या के कुल 20 मामले दर्ज हैं।
कोर्ट ने उसे हत्या के 19वें मामले में अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। उसके अपराध करने का तरीका यह था कि वह पहले महिलाओं से दोस्ती करके उन्हें प्रेम जाल में फंसा लेता था। उनसे शादी करने का झांसा देकर दुष्कर्म करता था और सायनाइड खिलाकर उनकी हत्या कर देता था। इसलिए इस साइको किलर का नाम साइनाइड मोहन पड़ा गया।
वर्ष 2006 का यह मामला केरल के कासरगोड जिला निवासी एक 23 वर्षीय महिला की हत्या से जुड़ा है। मेंगलुरु (कर्नाटक) की अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश सईदुनिशा ने सोमवार को मोहन को उम्रकैद की सजा सुनाते हुए 25 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया। जज ने कहा कि सजा की शुरुआत तब होगी, जब वह दूसरे मामलों में भी सजा काटना शुरू करेगा। बताते चलें कि इससे पहले उसे पांच मामलों में मौत की सजा और तीन मामलों में उम्रकैद हो चुकी है। हालांकि, बाद में दो मामलों में मौत की सजा उम्रकैद में तब्दील कर दी गई थी।
हालिया मुकदमे में दाखिल आरोपपत्र के अनुसार, मोहन की महिला से उस वक्त मुलाकात हुई थी, जब वह मेंगलुरु स्थित एक फैक्ट्री में काम करने जा रही थी। महिला से दोस्ती करने और शादी का झांसा देने के बाद वह 3 जनवरी 2006 को उसे मैसुरु ले गया। वहां वह बस स्टैंड के पास महिला के साथ लॉज में रुका। सुबह उसने महिला से सारे गहने उतरवा लिए। इसके बाद दोनों बस स्टैंड गए।