गिरिराज ने कहा- आतंकवाद की गंगोत्री है देवबंद, दुनिया में जितने आतंकवादी हुए उनका जुड़ाव यहीं से रहा

गिरिराज ने कहा- आतंकवाद की गंगोत्री है देवबंद, दुनिया में जितने आतंकवादी हुए उनका जुड़ाव यहीं से रहा


सहारनपुर। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह मंगलवार को उत्तरप्रदेश के सहारनपुर पहुंचे। यहां उन्होंने देवबंद में मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा, 'देवबंद आतंकवाद की गंगोत्री है। दुनिया में आतंकवाद की घटनाओं का जुड़ाव देवबंद से ही रहा है। दुनिया में जितने भी आतंकवादी हुए हैं, या आतंकी घटनाएं हो चुकी हैं उनके तार कहीं न कहीं देवबंद से जुड़े रहे हैं।


उन्होंने यह भी कहा, 'देवबंद से आतंकवाद को हमेशा समर्थन मिला है। आतंकवादी भी यहां आकर रुके हैं, चाहे हाफिज सईद का मामला हो या अन्य घटनाएं।हिंदुस्तान को पाकिस्तान का डर नहीं है, लेकिन देश के गद्दारों से खतरा है।' गिरिराज यहां जनसंख्या समाधान फाउंडेशन एवं हिंदू जागरण मंच की ओर से जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग और सीएए के समर्थन में आयोजित सम्मेलन में शामिल होने के पहुंचे थे।


शाहीन बाग जैसे आंदोलन देश के खिलाफ- गिरिराज
गिरिराज ने कहा कि सीएए के विरोध में शाहीन बाग समेत देशभर में चल रहे आंदोलन देश के खिलाफ हैं। वहां एक वर्ग के लोगों की संख्या ज्यादा है। यह विरोध देश की संसद के कानून के खिलाफ अराजकता और देश की खिलाफत है। असम को भारत से काटकर इस्लामिक स्टेट बनाने की बात कही जा रही है। आतंकवादियों के समर्थन में नारे लगते हैं। छात्रों के दिल-दिमाग में जहर घोलने का काम किया जा रहा है और विपक्ष उनका समर्थन कर रहा है।


वहीं दिल्ली चुनाव में भाजपा को मिली करारी हार पर उन्होंने कहा कि हम जनता को जगा नहीं पाए।