भाजपा विधायक समेत परिवार के 7 लोगों पर केस दर्ज, महिला को बंधक बना रेप करने का आरोप
भदोही। उत्तर प्रदेश में भदोही से भाजपा विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी पर महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। महिला ने विधायक, उसके भतीजों और बेटों समेत परिवार के छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
मामले में विधायक और उनके परिवार के 6 लोगों पर पुलिस ने अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। वाराणसी की रहने वाली महिला ने आरोप लगाया था कि 2017 में विधानसभा चुनाव के दौरान भदोही की एक होटल में उसके साथ रेप किया गया।
महिला ने होटल के कमरे में बंधक बनाकर रेप करने का आरोप लगाया
वाराणसी की रहने वाली विधवा महिला ने कुछ दिनों पहले पुलिस अधीक्षक से मिलकर शिकायत की थी कि विधानसभा चुनाव के दौरान रवींद्रनाथ त्रिपाठी के भतीजे संदीप त्रिपाठी ने उसको मुंबई से भदोही बुलाया और यहां के एक होटल में कई दिन तक उसे रखा। होटल में भाजपा विधायक ने उसके साथ रेप किया। उसके बाद विधायक के भतीजों और बेटों ने भी रेप किया।
महिला ने शिकायत में बताया कि 2014 में विधायक के भतीजे संदीप त्रिपाठी से उसकी मुलाकात मुंबई जाते समय ट्रेन में हुई थी। ट्रेन में दोनों की अच्छी दोस्ती हो गई और दोनों ने एक दूसरे के मोबाइल नंबर साझा किए। बाद में शादी का झांसा देकर संदीप ने कई साल तक उसका शारीरिक शोषण किया। महिला की शिकायत पर भदोही कोतवाली में आईपीसी की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
भदोही के पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह ने बताया पुलिस मामले की विवेचना में जुटी हुई है। विवेचना के बाद जिस तरह के तथ्य सामने आएंगे, उसी के हिसाब से अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।