आगरा में 29वें ताज महोत्सव का रंगारंग आगाज; ब्रज की होली और मयूरी नृत्य पर झूमे दर्शक
आगरा। उत्तर प्रदेश के ताजनगरी आगरा में मंगलवार रात 29वें ताज महोत्सव का शानदार आगाज हुआ। इस बार 'संस्कृति के रंग-ताज के संग' महोत्सव की थीम है। आगरा से भाजपा सांसद एसपी सिंह बघेल ने शिल्पग्राम स्थित मुक्ताकाशीय मंच पर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। यह महोत्सव 27 फरवरी तक चलेगा। इस दौरान 1800 से ज्यादा कलाकार अपनी रंगारंग प्रस्तुतियां देंगे तो वहीं 350 से ज्यादा शिल्पी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। मंगलवार को केशव तालेगांवकर एंड ग्रुप की प्रस्तुति के बाद ब्रज की होली, चारकुला एवं मयूरी नृत्य ने सभी का मन मोह लिया।
पहले दिन ताज महोत्सव में हुए कार्यक्रमों में दर्शकों की भीड़ कम रही, लेकिन शिल्पग्राम में खरीदारों की संख्या काफी थी। महोत्सव परिसर में विभिन्न तरह के स्टॉल लगाए गए हैं। कमिश्नर अनिल कुमार ने बताया कि, 24 फरवरी को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प आगरा आ रहे हैं। इसलिए 24 फरवरी को होने वाले कार्यक्रम 28 फरवरी को होंगे। इस मौके पर पदमश्री योगेन्द्र दा, सांसद एसपी सिंह बघेल, मंडलायुक्त अनिल कुमार और डीएम प्रभुनारायण सिंह, एडीजी अजय आनंद ने कलाकारों का मनोबल बढ़ाया। पंडित केशव तलेगांवकर एवं साथियों द्वारा संस्कृति के रंग ताज के संग गीत की प्रस्तुति के बाद पंडित मुरारी लाल शर्मा के निर्देशन में ब्रज की होली का मंचन किया गया।
सांसद एसपी सिंह बघेल ने कहा- ताजमहल दुनिया में अपनी पहचान रखता है और यह महोत्सव देश की संस्कृति और परंपराओं को सहेजे हुए भारत के शोकेस के तौर पर ताज नगरी में आयोजित होता है। ताज नगरी का खानपान और यहां की विरासत अद्भुत है। यही वजह है कि दुनिया में आगरा की अपनी अलग पहचान है। मुझे इस आयोजन के उद्घाटन अवसर पर बुलाने के लिए सब का धन्यवाद देता हूं और उम्मीद करता हूं कि आगे भी यह महोत्सव भव्य रूप से आयोजित होता रहे।